
हरिद्वार में मिलावटखोरों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ बिना लाइसेंस चल रही पनीर फैक्ट्री सील, कोल्ड ड्रिंक के गोदामों पर भी छापा।
हरिद्वार | 10 फरवरी, 2026 महाशिवरात्रि के पावन पर्व से पहले हरिद्वार प्रशासन मिलावटखोरों के खिलाफ पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से जनपद के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। ताज़ा कार्रवाई में विभाग ने इब्राहिमपुर स्थित एक अवैध पनीर फैक्ट्री को सील कर दिया है, जो बिना किसी लाइसेंस के संचालित की जा रही थी।
देर रात इब्राहिमपुर में बड़ी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी और उपायुक्त (गढ़वाल) आरएस रावत के नेतृत्व में टीम ने देर रात इब्राहिमपुर स्थित ‘पुंडीर फैक्ट्री’ पर छापा मारा।
अवैध संचालन निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पनीर और दही का निर्माण बिना किसी वैध फूड लाइसेंस के किया जा रहा था।
फैक्ट्री सील मौके पर कोई भी दस्तावेज़ पेश न करने पर टीम ने फैक्ट्री को अग्रिम आदेशों तक बंद (सील) करा दिया है।
सैंपलिंग टीम ने पनीर और दही के सैंपल लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे हैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
कांवड़ पटरी मार्ग और कोल्ड ड्रिंक गोदामों की जांच त्योहार और कांवड़ मेले को देखते हुए विभाग की अलग-अलग टीमों ने शहर के अन्य हिस्सों में भी शिकंजा कसा
कोल्ड ड्रिंक स्टोरेज पर छापा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की टीम ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल्ड ड्रिंक के दो बड़े गोदामों पर धावा बोला। यहाँ अनियमितताएं पाए जाने पर मालिकों को नोटिस जारी किया गया और ‘माजा’ व ‘फेंटा’ के नमूने जांच के लिए लिए गए।
कांवड़ पटरी मार्ग चंडी पुल से चिड़ियापुर तक अस्थाई स्टालों और भंडारों का निरीक्षण किया गया। दुकानदारों को कूड़ा निस्तारण, रेट लिस्ट लगाने और अनिवार्य पंजीकरण के निर्देश दिए गए।
पंत द्वीप में कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने पंत द्वीप पार्किंग क्षेत्र में 12 प्रतिष्ठानों की जांच की। यहाँ 3 दुकानों के पास लाइसेंस नहीं मिले, जिन्हें नोटिस दिया गया। साथ ही, एक रेस्टोरेंट से एक्सपायरी डेट की 6 कोल्ड ड्रिंक की बोतलें जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराई गईं।
प्रशासन की चेतावनी जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा।
”त्योहारी सीजन में शुद्धता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। बिना लाइसेंस और मानकों के विपरीत काम करने वाली इकाइयों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— खाद्य विभाग, हरिद्वार





