
महाकुंभ 2027: 1224 करोड़ से संवरेगी धर्मनगरी, मेलाधिकारी सोनिका सिंह ने खाका किया पेश।
गुणवत्ता की जांच आईआईटी रुड़की करेगा, समयबद्ध तरीके से काम पूरे करने का लक्ष्य।
प्रेस क्लब के संवाद कार्यक्रम में मेलाधिकारी ने गिनाईं प्राथमिकताएं
हरिद्वार। आगामी महाकुंभ 2027 को भव्य, दिव्य और सुरक्षित रूप से संपन्न कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए 1224 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है, जिससे हरिद्वार की तस्वीर बदली जाएगी। यह बात कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह ने बुधवार को प्रेस क्लब में आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम के दौरान कही।
स्थाई निर्माण कार्यों पर विशेष फोकस मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ के कुल बजट में से स्थाई प्रकृति के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्तमान में 219 करोड़ की लागत से 35 स्थाई कार्य गतिमान हैं। वहीं, अस्थाई कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और इसकी थर्ड पार्टी जांच आईआईटी रुड़की व अन्य प्रतिष्ठित एजेंसियां करेंगी।
प्रमुख विकास योजनाएं और विस्तार धर्मनगरी में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
नए घाट और विस्तार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए घाट बनाए जा रहे हैं। हरकी पैड़ी पर कांगड़ा घाट के विस्तार की प्रक्रिया गतिमान है और भूमि अधिग्रहण के लिए शासन को फाइल भेजी गई है।
इंफ्रास्ट्रक्चर शहर में सीवर, सड़क, पुल, पेयजल और बिजली व्यवस्था का आधुनिकरण किया जा रहा है। ज्वालापुर में विशेष रूप से सड़क और पुल निर्माण के कार्य स्वीकृत हैं।
पार्किंग व्यवस्था ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए शहर के भीतर दो स्थाई पार्किंग और बाहरी इलाकों में विशाल पार्किंग जोन बनाए जाएंगे।
सीसीआर टावर-2 कुंभ की मॉनिटरिंग को बेहतर करने के लिए सीसीआर टावर-2 के निर्माण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।
प्रेस क्लब ने किया सम्मानित कार्यक्रम का शुभारंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह, प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री दीपक मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। क्लब के पदाधिकारियों ने मेलाधिकारी को उनके उत्कृष्ट प्रशासनिक करियर और कॉमनवेल्थ गुरुकुल फेलोशिप जैसे सम्मानों के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों ने कुंभ व्यवस्थाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिस पर मेलाधिकारी ने सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
”रिकॉर्ड समय में सभी कार्यों को पूरा करना एक चुनौती है, लेकिन लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के विशेष खंडों की स्थापना से हम हर बाधा को पार कर लेंगे। हमारा लक्ष्य है कि श्रद्धालु हरिद्वार से अच्छी यादें लेकर लौटें।”
सोनिका सिंह, कुंभ मेलाधिकारी



