
बीएचईएल हरिद्वार को ‘नराकास राजभाषा सम्मान’, हिंदी के प्रचार-प्रसार में मारी बाजी।
हरिद्वार, 11 फरवरी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), हरिद्वार ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन और इसके प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), हरिद्वार द्वारा बीएचईएल को सार्वजनिक उपक्रम श्रेणी में वर्ष 2024-25 का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया है।
सम्मान समारोह का आयोजन आईआईटी, रुड़की में आयोजित नराकास की 41वीं अर्धवार्षिक बैठक के दौरान यह गरिमामयी पुरस्कार प्रदान किया गया। नराकास हरिद्वार के अध्यक्ष एवं टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. अमर नाथ त्रिपाठी ने बीएचईएल की टीम को राजभाषा शील्ड सौंपकर सम्मानित किया।
बीएचईएल की ओर से यह सम्मान श्री पार्थ सारथी गौडा (अपर महाप्रबंधक, मानव संसाधन), श्रीमती शशि सिंह (उप प्रबंधक, राजभाषा), श्री योगेंद्र प्रसाद (राजभाषा अधिकारी) ने प्राप्त किया।
कार्यपालक निदेशक ने दी बधाई इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने सभी कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा ”यह पुरस्कार हमारे संस्थान में राजभाषा के प्रति समर्पण और निष्ठा का प्रतीक है। हम भविष्य में भी राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए संकल्पबद्ध हैं।”
इस अवसर पर संस्थान के महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न नराकास प्रतियोगिताओं के विजेता कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस सफलता का उत्साहवर्धन किया।




