
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़–मुनस्यारी मार्ग पर बंगापानी के पास रविवार को एक दर्दनाक कार दुर्घटना हो गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को बंगापानी क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष जौलजीबी प्रदीप यादव और प्रभारी कोतवाली मुनस्यारी नीरज चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। SDRF टीम की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
दुर्घटना में लक्ष्मण सिंह (30) पुत्र राम सिंह निवासी धुरातोली मुनस्यारी तथा अंकित पांडेय (30) पुत्र बसंत पांडेय निवासी पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आयुष पंत (26) पुत्र नरेंद्र पंत निवासी टकाना और देवेंद्र भट्ट (25) पुत्र स्व. परमानंद भट्ट निवासी उत्सव गृह घायल हो गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया। जबकि देवेंद्र भट्ट का इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतकों के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



