
देहरादून। प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार आज रात 9:22 बजे से लेकर 20 मार्च 2026 की रात 12:22 बजे तक उत्तराखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अलर्ट के तहत अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी, उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों के अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश और तेज हवा/तूफान आने की संभावना जताई गई है।
विशेष रूप से रुड़की, मसूरी, चकराता, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ, कपकोट, रानीखेत, हल्द्वानी, लोहाघाट, कौसानी, टनकपुर और रुद्रपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है।
प्रशासन और मौसम विभाग की अपील:
अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें
पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय सावधानी बरतें
तेज हवा और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें
बिजली गिरने और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहें
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।




