
भगवानपुर/हरिद्वार। आगामी हनुमान जयंती पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से भगवानपुर पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर आयोजित इस फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के नेतृत्व में कोतवाली भगवानपुर पुलिस टीम ने गांव डाडापट्टी, डाडा जलालपुर, हसनपुर मदनपुर और फरकपुर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस बल ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा व शांति बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।




