
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक योगेन्द्र सिंह रावत, जो वर्तमान में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक/मुख्यालय के पद पर तैनात थे, उन्हें अब पुलिस महानिरीक्षक, कुंभ मेला की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं आयुष अग्रवाल, जो अब तक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी के पद पर कार्यरत थे, उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला के पद पर तैनात किया गया है।
इसके साथ ही श्वेता चौबे, जो सेनानायक आईआरबी द्वितीय के पद पर थीं, उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी बनाया गया है।
इसी क्रम में विशाखा अशोक भदाणे, जो पुलिस अधीक्षक क्राइम अगेंस्ट वुमेन/सीसीटीएनएस/प्रशिक्षण के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें सेनानायक आईआरबी द्वितीय की नई जिम्मेदारी दी गई है।
शासन ने सभी अधिकारियों को तत्काल कार्यभार ग्रहण कर उसकी सूचना पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी कुंभ मेला व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






