
उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशानुसार जन समस्याओं के त्वरित समाधान, बेहतर पुलिस-जन समन्वय और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जनपद के सभी थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में ‘थाना दिवस’ आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी के निकट पर्यवेक्षण में कोतवाली उत्तरकाशी में रविवार को थाना दिवस आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, ग्राम प्रहरियों और क्षेत्रवासियों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित एवं उचित समाधान का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान SHO कोतवाली दिनेश कुमार ने उपस्थित लोगों के साथ क्षेत्र की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने की अपील की गई।
इसके साथ ही नशे और मादक पदार्थों के सेवन व अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आमजन से पुलिस को सहयोग देने को कहा गया। शांति, कानून और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में पुलिस के साथ सक्रिय सहभागिता की अपील भी की गई।

वर्तमान में गैस की किल्लत को देखते हुए पुलिस ने लोगों से संयम बनाए रखने का अनुरोध किया। गैस सिलेंडर आवंटन एवं वितरण के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने तथा गैस बुकिंग के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। लोगों को केवल आधिकारिक ऐप और अधिकृत दूरभाष नंबर से ही गैस बुक करने के निर्देश दिए गए।
थाना दिवस के दौरान ग्राम प्रहरियों को उनके दायित्वों से भी अवगत कराया गया। उन्हें गांव की प्रत्येक महत्वपूर्ण सूचना फोन और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही गांव में असामाजिक तत्वों की पहचान, नशे के अवैध कारोबार पर निगरानी और अपराध नियंत्रण को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।




