
देहरादून। कूर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद, शिवालिक रेंज, धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की माजरा शाखा द्वारा समाज (पंचायती) मंदिर, सुभाषनगर, क्लेमेंटाउन में भव्य भिटौली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों, कार्यकारिणी पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और कुमाऊनी गणेश वंदना की प्रस्तुति के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन परिषद के मुख्य संरक्षक, वरिष्ठ संरक्षक और अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम में कुमाऊनी लोक संस्कृति और पारंपरिक लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत “फूलदेई छम्मा देई” रहा, जिसने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। इसके अलावा विभिन्न समूहों द्वारा लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
प्रमुख प्रस्तुतियों में “कोरी काकड़ बनायो रैता” की प्रस्तुति पहाड़ी संगम ग्रुप, “त्वै देवी फूल चंढूंला” की प्रस्तुति गुरुद्वारा ग्रुप, “कै फूला सजन का फूला” की प्रस्तुति टर्नर रोड ग्रुप तथा “हिट शीला घूम आली गरुड़ ला” की प्रस्तुति सी-23 टीम द्वारा दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रतिभा पाठक और विशिष्ट अतिथि ममता पंत तथा रमेश चंद्र खंतवाल ने प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे लोक संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर माजरा शाखा के मुख्य संरक्षक तारा चंद, वरिष्ठ संरक्षक डी.के. पाण्डेय, मुख्य सलाहकार धर्मानंद जोशी, सचिव नवीन चंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष टी.आर. जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सी.एस. पंत, उपाध्यक्ष हेमा परिहार, योगेश पांडे, पूर्व अध्यक्ष गंभीर सिंह रावत, सांस्कृतिक सचिव उमा पाटन, सह सचिव अनिल शाह, डी.एस. पपोला, पुष्कर सामंत, अशोक परिहार, किशन भैसोड़ा, पी.पी. सिंह और प्रेमा तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




