
देहरादून। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, उत्तराखंड ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत दी है। विभाग की ओर से जारी अपील के अनुसार अंत्योदय और प्राथमिक परिवार राशन कार्ड धारकों को अप्रैल, मई और जून 2026 का अग्रिम खाद्यान्न अप्रैल माह में ही वितरित किया जाएगा।
विभाग ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में राज्य में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत तीन माह का खाद्यान्न एक साथ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लाभार्थियों को समय पर राशन मिल सके और वितरण प्रक्रिया सुचारु बनी रहे।
इसके लिए अप्रैल, मई और जून 2026 के खाद्यान्न वितरण हेतु ई-पॉस मशीनों पर ऑनलाइन व्यवस्था कर दी गई है। राशन कार्ड धारकों को तीनों माह के खाद्यान्न प्राप्त करने के लिए अलग-अलग तीन बार बायोमेट्रिक ट्रांजैक्शन कराना होगा।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो राशन कार्ड धारक मार्च 2026 में खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित रह गए थे, वे भी 15 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं।
आयुक्त खाद्य आनंद स्वरूप ने राज्य के सभी अंत्योदय एवं प्राथमिक परिवार राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम उचित दर की दुकान से अप्रैल, मई और जून 2026 का खाद्यान्न समय पर प्राप्त कर लें।
विभाग ने लाभार्थियों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत बायोमेट्रिक सत्यापन कराकर राशन लेने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।




