
लालकुआं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड आगमन से पहले दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की बोर्ड बैठक में 15 अप्रैल से दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। यह फैसला अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हितों को ध्यान में रखते हुए दूध के बढ़े हुए मूल्य को तत्काल प्रभाव से 15 अप्रैल से लागू करने के आदेश जारी कर दिए गए। इस निर्णय से हजारों दुग्ध उत्पादकों और ग्रामीण पशुपालकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
इसके साथ ही बोर्ड बैठक में दुग्ध संघों के लिए सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई, जिससे करीब 20 वर्षों बाद दुग्ध संघ में नियुक्तियों का रास्ता खुल गया है। लंबे समय से रुकी भर्तियों को लेकर यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, सचिव डेरी विकास तथा विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ हमेशा दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहा है और आगे भी उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
बैठक में दुग्ध संग्रहण व्यवस्था में सुधार, कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों, संघ की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
इस मौके पर जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी मुकेश नेगी ने भी संघ की कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।
दूध के दाम में बढ़ोतरी के फैसले के बाद दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर है। लंबे समय से खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे पशुपालकों ने इस निर्णय का स्वागत किया है।




