
हरिद्वार। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से 7 ज्योतिर्लिंग एवं दक्षिण भारत की विशेष यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से संचालित होगी।
आईआरसीटीसी भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जो यात्रियों को बेहतर पर्यटन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन यात्राओं का संचालन करता है।
पहली यात्रा 12 जून 2026 से 23 जून 2026 तक 11 रात एवं 12 दिन की होगी। इस यात्रा में श्रद्धालु महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर, द्वारकाधीश, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सोमनाथ, त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंढरपुर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।
यात्रा के लिए हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, लखनऊ, कानपुर, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई एवं ललितपुर स्टेशन से यात्री चढ़ और उतर सकेंगे।
यात्रा पैकेज के अंतर्गत इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) का किराया ₹24,100 प्रति व्यक्ति, स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी) का किराया ₹40,890 प्रति व्यक्ति तथा कम्फर्ट श्रेणी (2 एसी) का किराया ₹54,390 प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
दूसरी यात्रा 29 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथ स्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै) एवं मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे।
इस पैकेज में 2 एसी, 3 एसी एवं स्लीपर क्लास में यात्रा सुविधा, नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का शाकाहारी भोजन तथा एसी एवं नॉन एसी बसों द्वारा स्थानीय भ्रमण की सुविधा शामिल रहेगी।
आईआरसीटीसी द्वारा यात्रियों के लिए एलटीसी एवं ईएमआई सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त घरेलू एवं विदेशी टूर पैकेज भी संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें नेपाल, भूटान, सिंगापुर, मलेशिया, बाली, श्रीलंका, कश्मीर, दार्जिलिंग, वैष्णो देवी, रामेश्वरम, शिमला-कुफरी आदि प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल हैं।
यात्रा की बुकिंग “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी। इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय अथवा आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।





