
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के सराय ग्राम स्थित एक मकान में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर की पानी की टंकी में बड़ी संख्या में सांप के बच्चे दिखाई दिए। टंकी के अंदर झांकने पर परिवार के लोगों ने दर्जनों सांप के बच्चों को घूमते हुए देखा, जिससे पूरे परिवार में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, घर के सदस्य जब पानी की टंकी की जांच कर रहे थे, तभी उन्हें टंकी के भीतर सांप के कई बच्चे नजर आए। अचानक इतनी बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने से परिवार के लोग घबरा गए और आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीण भी टंकी में सांपों की संख्या देखकर हैरान रह गए।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई है। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचकर सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू करने की कार्रवाई किए जाने की संभावना है। फिलहाल ग्रामीणों को सावधानी बरतने और टंकी के आसपास न जाने की सलाह दी गई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और आसपास के लोग भी अपने घरों की पानी की टंकियों की जांच कर रहे हैं।




