
हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार जनपद की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित रविवार को स्वयं धरातल पर उतरे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ चंडी चौक, आयरिश पुल, बैरागी कैंप, दक्षद्वीप सहित विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क मरम्मत, डामरीकरण और पेंचवर्क कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
15 अक्टूबर तक हर सड़क को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित सभी स्थानों पर डामरीकरण और पेंचवर्क का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां कार्य लंबित हैं, वहां श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर काम में तेजी लाई जाए। सड़क मरम्मत कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक पेंचवर्क को प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि शंकराचार्य चौक से भूपतवाला तक सड़क के पेंचवर्क एवं डामरीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
चंडी पुल और आयरिश पुल का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चंडी पुल के मरम्मत कार्य की जानकारी ली और इसे तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन अधिक समय तक प्रभावित न हो। इसके अलावा आयरिश पुल के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण कर अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
60 मीटर स्पान पुल निर्माण में तेजी के निर्देश
दक्षद्वीप स्थित बैरागी क्षेत्र में निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान पुल का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आवश्यक समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए और गुणवत्ता मानकों से किसी प्रकार का समझौता न हो।
कुंभ मेला कार्यों की भी हुई समीक्षा
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे कुंभ मेला संबंधी कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आगामी कुंभ मेले की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
एनएच पर पेंटिंग और खराब स्ट्रीट लाइट तत्काल ठीक करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों पर पेंटिंग एवं वॉल पेंटिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क किनारे के क्षेत्र व्यवस्थित और आकर्षक नजर आएं। साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुधार के साथ प्रकाश व्यवस्था और आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाना जरूरी है।

समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और सड़क मरम्मत सहित अन्य कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर सड़क और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग विशाल गोयल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, डिप्टी मैनेजर एनएच प्रज्वल चौहान, कॉन्ट्रैक्टर अमित जैन, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।








