
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 88 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 45 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए भेजा गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। हरिलोक कॉलोनी फेस-1 ज्वालापुर में आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों और कॉलोनी की सुरक्षा दीवार तोड़कर वाहनों के आवागमन की शिकायत भी दर्ज कराई गई।
इसके अलावा ग्राम लालवाला खालसा में ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण, ग्राम सैदपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, बहादराबाद-बेगमपुर औद्योगिक क्षेत्र की मुख्य सड़क पर जलभराव एवं क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या तथा खतौनी में पट्टे की भूमि दर्ज कराने जैसी शिकायतें भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।







