
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में कुंभ की तैयारियों, विभिन्न विभागों के प्रस्तावों और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
गंग नहर की क्लोजर अवधि में घाटों का निर्माण दिन-रात कराने पर जोर, त्योहारों के दौरान श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कार्यदायी संस्थाएं स्वीकृत निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करें। सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण पर विशेष ध्यान देते हुए मौके पर पर्याप्त श्रमिक, मशीनरी और निर्माण सामग्री उपलब्ध रखने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
घाटों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने गंग नहर की क्लोजर अवधि का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में प्रस्तावित कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार की जाए। निर्माण सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए जरूरत के अनुसार दिन-रात काम कराया जाए, ताकि निर्धारित समय में कार्य पूरे हो सकें।
आगामी त्योहारों को देखते हुए मंडलायुक्त ने श्रमिकों की संभावित कमी से निपटने के लिए अग्रिम व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भी निर्माण कार्यों की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए कार्यों की प्रकृति और समयसीमा के अनुरूप श्रमिकों तथा अन्य संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखी जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करने और निर्माण कार्यों की प्रगति में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले के लिए विकसित की जा रही अवस्थापना सुविधाएं समय पर तैयार होनी चाहिए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए दिन-रात काम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाते हुए निर्माण कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सभी कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।
बैठक में आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी मनीष दत्त, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







