
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होने पर बल के समस्त अधिकारियों और जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि यह SDRF की कार्यकुशलता, अनुशासन, समर्पण और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में गुणवत्ता एवं उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य में SDRF की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से बल के जवान लोगों की जान बचाने और प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। कठिन परिस्थितियों में साहस, तत्परता और सेवाभाव के साथ कार्य करना SDRF की विशिष्ट पहचान है।
आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, दक्षता और सेवा समर्पण का प्रतीक है यह उपलब्धि
उन्होंने कहा कि ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र प्राप्त होना संगठन की प्रभावी प्रबंधन व्यवस्था, निर्धारित प्रक्रियाओं, कार्यों की गुणवत्ता और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। यह उपलब्धि अधिकारियों एवं जवानों की मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि SDRF भविष्य में भी आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों में दक्षता एवं उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन तंत्र को आधुनिक, सक्षम और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य आपदाओं के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करना और प्रभावित लोगों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी सहित समस्त अधिकारियों, जवानों और संबंधित कार्मिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




