
रांगरिक (स्पीति)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार के ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्पीति घाटी के रांगरिक में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जाएगा स्तरोन्नत, ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने किया रात्रि प्रवास
मुख्यमंत्री ने रांगरिक स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को करीब से समझने के लिए सरकार गांवों में रात्रि प्रवास कर रही है। इस दौरान संवाद के माध्यम से जनसमस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रदेश के बजट में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। विकास की मुख्यधारा से वंचित समाज के संवेदनशील वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले भी वह प्रदेश के कई दुर्गम क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं, जहां लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाए गए हैं।
रांगरिक प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने सोनम पंसुक के आवास पर रात्रि विश्राम किया। स्थानीय निवासियों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और उन्हें स्थानीय व्यंजन परोसे।
मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, रांगरिक के बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने छात्रावास में रह रही छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग पर मुख्यमंत्री ने नए बालिका छात्रावास के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। इनमें छात्रावास की चारदीवारी का निर्माण, दो मल्टी-टास्क वर्करों की नियुक्ति और पानी की कमी की समस्या का समाधान शामिल है।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने की स्थित वृद्धाश्रम का दौरा किया और वहां रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक अनुराधा राणा भी उपस्थित रहीं।




