
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के घर हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से खर्च होने के बाद बची 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, पत्रकार गोपाल रावत निवासी श्रवणनाथ नगर, हरिद्वार ने 7 अक्टूबर 2026 को कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 555/2026, धारा 305(क) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चोरी के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर हरिद्वार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल सर्विलांस और सुरागरसी-पतारसी के माध्यम से आरोपी की तलाश की गई।
घर का ताला तोड़कर उड़ाए थे चार लाख रुपये, पुलिस ने 1.20 लाख रुपये किए बरामद
नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को दिया अंजाम, दिल्ली और हिमाचल में खर्च की चोरी की रकम
पुलिस के अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद 18 अक्टूबर 2026 को दविंदर नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की रकम में से बची 1.20 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह हेरोइन और स्मैक के सेवन का आदी है तथा नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी करता है। आरोपी के अनुसार, श्रवणनाथ नगर स्थित घर से बड़ी रकम मिलने के बाद वह दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने चोरी की रकम नशे और अन्य गतिविधियों में खर्च कर दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दविंदर पुत्र किशोर, निवासी मोहल्ला वार्ड नंबर 07, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी शामिल रहे। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







