
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग स्थानों पर कुल 42 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की है। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अलग-अलग स्थानों से माल्टा ब्रांड की देशी शराब के 42 टेट्रा पैक बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 और 19 अक्टूबर 2026 की रात अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई में प्रदीप उर्फ दीपा निवासी कुंज गली, खड़खड़ी, हरिद्वार के कब्जे से माल्टा ब्रांड की 22 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 604/2026 के तहत आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में सूरज वर्मा निवासी मिश्रा गली, ब्रह्मपुरी, हरिद्वार के कब्जे से माल्टा ब्रांड की 20 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 605/2026 के तहत आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, कांस्टेबल बिरेन्द्र बनौला, कांस्टेबल रितेश कुमार और कांस्टेबल सीपी पवनीश कवि शामिल रहे।




