डीएलसी और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु 30 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान
देहरादून। राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाण (डीएलसी) पत्र अभियान-5 के तहत पेंशनरों की सुविधा के लिए साइबर कोषागार, देहरादून द्वारा 30 नवंबर, 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र के उपयोग को सुनिश्चित करने के साथ ही पेंशन संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
मुख्य कोषाधिकारी, साइबर कोषागार देहरादून बी.एन. पाण्डेय ने साइबर कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन पेंशनरों को डीएलसी पत्र जमा करने में तकनीकी समस्या आ रही है अथवा पेंशन से संबंधित अन्य कोई परेशानी है, वे किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार, 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून पहुंचकर समस्या का समाधान करा सकते हैं।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
समस्या के समाधान के लिए पेंशनरों को अपना जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन साथ लाना होगा।
शिकायत निवारण अधिकारी से करें संपर्क
पेंशन संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए साइबर कोषागार देहरादून में नामित शिकायत निवारण अधिकारी एवं उपकोषाधिकारी श्री परमीत सिंह से मोबाइल नंबर 7500370037 और 7590900090 पर संपर्क किया जा सकता है।
मुख्य कोषाधिकारी बी.एन. पाण्डेय ने पेंशनरों से अपील की है कि वे 30 नवंबर, 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान का लाभ उठाकर डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र और पेंशन से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराएं।







