
अल्मोड़ा। नैनी-जागेश्वर क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10 बजे एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। तारूला बंदी खोल देवता मंदिर के समीप मैक्स वाहन संख्या UK 01 TA-1299 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक सहित दो महिलाओं की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। मृतक महिलाओं में मां और बेटी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान हयात सिंह गैड़ा (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह गैड़ा, निवासी ग्राम न्योली, वाहन चालक; बसंती गैड़ा (48 वर्ष) पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा, निवासी हरड़ा; और अंजली गैड़ा (15 वर्ष) पुत्री हिम्मत सिंह गैड़ा, निवासी हरड़ा के रूप में हुई है। अंजली कक्षा 9 की छात्रा थी।
बताया जा रहा है कि बसंती गैड़ा और उनकी बेटी अंजली गैड़ा भैया दूज के अवसर पर अपने मायके बेरीनाग के बूँगा गांव गई थीं। बुधवार रात दोनों मायके से अपने घर हरड़ा लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में हुए हादसे ने मां-बेटी की जिंदगी छीन ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन में शेराघाट से करीब सात से आठ लोग सवार हुए थे। दुर्घटना से पहले अन्य यात्री रास्ते में उतर चुके थे। हादसे के समय वाहन में चालक हयात सिंह गैड़ा और दोनों महिलाएं ही सवार थीं।
घटना की सूचना मिलते ही धौलछीना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। धौलछीना थानाध्यक्ष रमेश बोरा के अनुसार तीनों मृतकों के शव राजकीय चिकित्सालय पनुवानौला भेजे जा रहे हैं, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
एक ही हादसे में मां-बेटी सहित तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।







