
नई दिल्ली, 12 नवंबर। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का 45वां संस्करण 14 से 27 नवंबर तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 13 नवंबर को मेले का उद्घाटन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार मेले में भारत और विदेशों के 3,500 से अधिक प्रदर्शक 17 हॉल में अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसमें 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की भागीदारी रहेगी। अंतरराष्ट्रीय पवेलियन में 11 देशों के प्रतिभागी शामिल होंगे।
मेले में क्षेत्रीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला, पर्यटन, स्थानीय उद्योग और विकास से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘हॉल ऑफ इंस्पिरेशन’ में लगभग 600 स्टार्टअप को अवसर मिलेगा, जबकि ‘एक जिला एक उत्पाद’ पवेलियन में 21 राज्यों के विशिष्ट उत्पाद और शिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे।
14 से 18 नवंबर तक शुरुआती पांच दिन कारोबारियों के लिए बिजनेस डे होंगे। आम जनता के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुलेगा। सामान्य दिनों में मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा और आम दर्शकों का प्रवेश शाम 5:30 बजे तक होगा। टिकट ऑनलाइन, आधिकारिक मोबाइल ऐप और चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों से प्राप्त किए जा सकेंगे।





