
केंद्र ने एएमआर जागरूकता सप्ताह शुरू कर एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग, संक्रमण नियंत्रण और मानव-पशु-पर्यावरण के संयुक्त स्वास्थ्य दृष्टिकोण को प्राथमिकता दी है।
गलत इस्तेमाल से कमजोर हो रहीं दवाओं की प्रभावशीलता
केंद्र सरकार ने एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बढ़ते खतरे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 18 नवंबर से विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह 2026 की शुरुआत की। इस वर्ष अभियान की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ’ रखी गई है।
नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य, खाद्य व्यवस्था और पर्यावरण को एक-दूसरे से जुड़ा मानते हुए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि दवाओं का गलत और जरूरत से अधिक इस्तेमाल उनके प्रभाव को कम कर सकता है।
डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक न लें
स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि एंटीबायोटिक दवाएं केवल चिकित्सकीय सलाह और निर्धारित उपचार के अनुसार लें। स्वयं दवा शुरू करने, बची हुई एंटीबायोटिक दोबारा इस्तेमाल करने या किसी दूसरे व्यक्ति के साथ दवा साझा करने से बचें। सामान्य सर्दी-जुकाम और इन्फ्लुएंजा जैसे वायरल संक्रमणों में एंटीबायोटिक प्रभावी नहीं होतीं।
भारत का राष्ट्रीय एएमआर कार्ययोजना 2.0 वर्ष 2025 से 2029 तक निगरानी, संक्रमण रोकथाम, दवाओं के जिम्मेदार उपयोग, अनुसंधान और विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वय को मजबूत करने का ढांचा प्रदान करता है। जागरूकता सप्ताह 24 नवंबर तक चलेगा।






