मुख्यमंत्री ने फीता काटकर सुविधा का लोकार्पण किया
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आगमन से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों के अवलोकन का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष लगभग 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उत्तराखण्ड में इस प्रकार का सफेद बाघ पहली बार लाया गया है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। ‘तेजस’ के आने से वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को एक नया आकर्षण मिलेगा।


पर्यटन के साथ वन्यजीव संरक्षण का केंद्र है चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता तथा पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इस पहल से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानने और प्रकृति के साथ उनके संबंध को समझने का अवसर मिला है।

कॉलेज विद्यार्थियों को भी मिलेगी निःशुल्क प्रवेश सुविधा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक ज्ञान मिल सकेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार इससे युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे प्रकृति संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को प्रतिवर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। राज्य की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीव संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





