
हरिद्वार। गंगा के पावन तटों पर कुंभ मेला-2027 की अस्थायी नगरी आकार लेने लगी है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप जैसे प्रमुख क्षेत्रों में टेंट स्थापना का काम शुरू हो गया है। यहां कुंभ की व्यवस्थाओं में तैनात होने वाले कार्मिकों के आवास, कार्यालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कुंभ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, साधु-संतों और अखाड़ों के साथ ही आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हजारों कार्मिकों के लिए भी मेला क्षेत्र में व्यवस्था की जा रही है। पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती को ध्यान में रखते हुए कार्यस्थलों के अनुरूप अलग-अलग सेक्टरों में आवासीय शिविर और कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं।
अस्थायी नगरी में पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के टेंट लगाए जाएंगे। इनमें स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ जर्मन हैंगर शामिल होंगे। कार्मिकों के आवास और कार्यालयी व्यवस्थाओं के लिए पांच हजार से अधिक टेंट लगाए जाने प्रस्तावित हैं।
दूसरी ओर, कुंभ शिविरों के लिए आवंटित भूमि पर अखाड़ों, आश्रमों तथा धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के शिविर स्थापित करने की तैयारियां भी आगे बढ़ रही हैं।
गुरुवार को मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप पहुंचकर टेंट स्थापना तथा शिविरों से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टेंट स्थापना की प्रगति, प्रस्तावित आवासीय सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्थाओं की पड़ताल की। मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टेंटों और शिविरों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और कार्मिकों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक आवास सुनिश्चित हों।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिविर स्थलों तक सुगम आवागमन के लिए सड़क व्यवस्था, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और सफाई के कार्य योजनाबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। ये सुविधाएं टेंट स्थापना के साथ ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि कार्मिकों के पहुंचने से पहले व्यवस्थाएं तैयार रहें। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी श्री मंजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कुंभ मेला-2027 के लिए आकार ले रही यह अस्थायी नगरी आने वाले महीनों में मेला क्षेत्र की तैयारियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।




