
हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 51 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में 51 शिकायतें दर्ज, 28 का मौके पर निस्तारण
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल, सीवर एवं जलभराव जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कार्यक्रम के दौरान शिकायतकर्ता गुलफाम पुत्र जाहिर खान ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने, अजय नौटियाल निवासी बोगना बहादराबाद ने भगतनपुर आबिदपुर-इब्राहिमपुर स्थित भूमि की पैमाइश, वहीं तेजपाल निवासी पूरनपुर सालपुर ने मीरपुर मुवाजरपुर स्थित भूमि (खसरा संख्या 285 म) की पैमाइश कराने को लेकर प्रार्थना पत्र दिया।
सिडकुल क्षेत्र स्थित शैफील्ड स्कूल के प्रधानाचार्य ने डेंसो चौक से स्कूल तक के मार्ग पर सीवर एवं सड़क की जर्जर स्थिति से छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी से अवगत कराया। वहीं विवेक विहार रानीपुर मोड़ निवासी इस.सी. गुप्ता ने कॉलोनी में जलभराव की समस्या, मदन बस्ती बजरीवाला बैरागी कैंप निवासी महिपाल ने विद्युत कनेक्शन तथा ब्रह्मपुरी रावली महदूद निवासी आशिक कुमार ने अधूरी नाली निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त ग्राम औरंगाबाद के ग्रामीणों ने जल संस्थान की टंकी से सभी घरों में कनेक्शन न होने की समस्या रखी।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई शिकायतकर्ता उसी समस्या को लेकर दोबारा जनसुनवाई में आता है और शिकायत का समाधान संबंधित अधिकारी द्वारा समय पर किया जा सकता था, तो ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां विभागीय समन्वय के साथ त्वरित निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने बताया कि 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों में एल-1 पर 536 एवं एल-2 पर 116 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही शिकायतकर्ता से सिस्टम के माध्यम से फोन पर संवाद स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, सहायक परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, परियोजना प्रबंधक पेयजल निगम (गंगा) मीनाक्षी मित्तल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल सिंह भंडारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरूंग, परियोजना निदेशक उरेडा वाई.एस. बिष्ट सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।




