
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक नामी मेडिकल कॉलेज की एमएस नेत्र रोग (ऑप्थैल्मोलॉजी) की छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई। घटना के बाद परिजनों ने कॉलेज की विभागाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार में अचेत मिली छात्रा, अस्पताल में घोषित मृत
जानकारी के अनुसार छात्रा सड़क किनारे खड़ी कार में अचेत अवस्था में मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कार का शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला और तत्काल महंत इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एमएस ऑप्थैल्मोलॉजी की छात्रा थी तन्वी
मृतक छात्रा की पहचान 23 वर्षीय तन्वी के रूप में हुई है, जो हरियाणा के अंबाला सिटी के मॉडल टाउन की रहने वाली थी। वह सितंबर 2023 से देहरादून के पटेलनगर स्थित एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में एमएस ऑप्थैल्मोलॉजी की पढ़ाई कर रही थी और देहरखास में अपनी मां के साथ रह रही थी।
विभागाध्यक्ष पर मानसिक और शैक्षणिक उत्पीड़न के आरोप
छात्रा के पिता ललित मोहन ने कोतवाली पटेलनगर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि दिसंबर 2025 में विभागाध्यक्ष बदलने के बाद उनकी बेटी को लगातार मानसिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में छात्रा को लॉग बुक में अच्छे अंक दिए गए, लेकिन बाद में जानबूझकर कम अंक देकर फेल करने की धमकी दी जाने लगी। पिछले चार महीनों से वह गंभीर तनाव में थी और इस संबंध में कई बार परिवार को जानकारी भी दी थी।
पिता ने की थी शिकायत, नहीं मिला समाधान
परिजनों के अनुसार, छात्रा के पिता ने कई बार विभागाध्यक्ष से मिलकर स्थिति सुधारने की अपील की, लेकिन कोई सकारात्मक बदलाव नहीं हुआ।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर संबंधित विभागाध्यक्ष डॉक्टर के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




