
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहड़ी गांव में सोमवार सुबह हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को दुर्घटनावश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस पूरे जनपद में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस कंट्रोल रूम को आज सुबह 6:50 बजे जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और राजपुर थाना पुलिस को अवगत कराया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास वाहन को पास न देने को लेकर दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N में सवार लोगों के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग कर दी।
इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को दुर्घटनावश गोली लग गई। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें उनके साथी उपचार के लिए अस्पताल ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
एसएसपी देहरादून ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान और नाकेबंदी शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।




