
रुड़की। रविवार सुबह करीब 8:30 बजे मंगलौर से भगवानपुर की ओर जा रहे गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक और हरियाणा रोडवेज की बस के बीच पनियाला कट, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र के पास दुर्घटना हो गई। हादसे में ट्रक पलट गया और उसमें लदे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP14 KT 4157 अचानक दिशा बदलते समय पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज बस संख्या HR62 GV 9198 से टकरा गया। टक्कर लगने के बाद ट्रक सड़क पर पलट गया और उसमें भरे सिलेंडर चारों ओर फैल गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिखरे सिलेंडरों को सुरक्षित तरीके से एकत्रित कराया।
हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों को चोटें आईं। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घायलों में नीलम पत्नी रिशिपाल (50 वर्ष), निवासी कैथल हरियाणा,मनीषा पुत्री नित्यानंद (27 वर्ष), निवासी ऋषिकेश देहरादून, दिव्या पत्नी कुलदीप (27 वर्ष), निवासी ऋषिकेश देहरादून,परिधि पुत्री जगदीप सिंह (23 वर्ष), निवासी टिहरी गढ़वाल,संजय कुमार पुत्र राम भगत (49 वर्ष), निवासी हिसार हरियाणा,संजय कुमार (बस कंडक्टर) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




