
बहनों पर अभद्र टिप्पणी से भड़का दोस्त, शराब पार्टी के बाद पत्थर से कुचलकर की दोस्त की हत्या; आरोपी मथुरा से गिरफ्तार।
हरिद्वार। धर्मनगरी के कनखल थाना क्षेत्र में बीते दिनों झाड़ियों में मिले एक अज्ञात युवक के लहूलुहान शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के कुशल नेतृत्व में कार्य करते हुए पुलिस ने इस ‘ब्लाइंड मर्डर’ का खुलासा कर मृतक के ही दोस्त को मथुरा से गिरफ्तार किया है। मामूली विवाद और नशे की हालत में किए गए कमेंट्स ने एक खौफनाक हत्याकांड का रूप ले लिया।
घटना का विवरण बीती 07 फरवरी को कनखल पुलिस को श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मृतक की पहचान कुनाल (पुत्र रोहिताश, निवासी लक्सर, हाल निवासी कनखल) के रूप में की। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए पाँच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया था।
सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग एसएचओ कनखल देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक को शराब के ठेके से एक संदिग्ध स्कूटी सवार के साथ जाते देखा गया। जांच में स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम (निवासी मथुरा) के रूप में हुई, जो घटना के बाद से ही फरार था।
क्यों हुई हत्या पूछताछ में आरोपी अरविंद ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि: वह पिछले कुछ महीनों से कनखल में अपनी नानी के साथ रह रहा था और कुनाल उसका दोस्त था।
06 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। नशे की हालत में कुनाल ने अरविंद की बहनों पर अभद्र टिप्पणी कर दी और उसे थप्पड़ मार दिया।
इसी अपमान का बदला लेने के लिए अरविंद ने पास पड़े भारी पत्थर से कुनाल के सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस की बड़ी कामयाबी पुलिस ने आरोपी के पास से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। इस सफल ऑपरेशन में थाना कनखल पुलिस, सीआईयू (CIU) हरिद्वार और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्य पुलिस टीम एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, उप-निरीक्षक सत्येंद्र भंडारी, नरेंद्र सिंह बिष्ट (प्रभारी CIU) एवं अन्य टीम सदस्य।




