
संस्कृति स्कूल में “फूड एंड न्यूट्रिशन” पर ज्ञानवर्धक वर्कशॉप आयोजित।
रंग-बिरंगे भोजन से स्वस्थ रहने का दिया संदेश, बच्चों ने उत्साह से लिया भाग
हरिद्वार। रानीपुर मोड़ स्थित संस्कृति स्कूल में बच्चों को स्वस्थ खान-पान की आदतों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “फूड एंड न्यूट्रिशन” विषय पर एक ज्ञानवर्धक एवं रोचक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। वर्कशॉप का संचालन नंदिनी मैम द्वारा किया गया, जिसमें प्री-नर्सरी से लेकर सीनियर केजी तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वर्कशॉप के दौरान बच्चों को Power Food और Fun Food की जानकारी बेहद सरल, रोचक और बाल-सुलभ तरीके से दी गई। नंदिनी मैम ने बताया कि Power Food हमारे शरीर को ऊर्जा, शक्ति और आवश्यक पोषण प्रदान करता है, जबकि Fun Food का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए और उसे सप्ताह में केवल एक दिन तक सीमित रखना उचित है।
बच्चों को “Rainbow Plate” की अवधारणा से भी परिचित कराया गया। नंदिनी मैम ने समझाया कि जैसे इंद्रधनुष के हर रंग का अपना विशेष महत्व होता है, उसी प्रकार हमारी थाली में भी अलग-अलग रंगों के भोजन का होना आवश्यक है। उन्होंने रंगों के अनुसार भोजन के लाभ बताते हुए कहा कि— लाल रंग का भोजन हृदय के लिए लाभकारी होता है,
नारंगी रंग आंखों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है,
पीला रंग पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद होता है,
हरा रंग शरीर को मजबूत बनाता है,
जबकि बैंगनी रंग मस्तिष्क के विकास में सहायक होता है।
कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से रंग-बिरंगे फलों और सब्जियों के एनिमेशन बच्चों को दिखाए गए। इसके साथ ही एक प्रेरणादायक लघु कहानी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ भोजन ही हमारे जीवन की असली “पावर” है। बच्चे पूरे सत्र के दौरान बड़े उत्साह, जिज्ञासा और आनंद के साथ जुड़े रहे।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता सहगल मैम ने संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को विद्यालय में पैकेट वाला Fun Food न लाने और घर का बना पौष्टिक भोजन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वर्कशॉप के समापन पर Super Food और Fun Food विषय पर एक रोचक क्विज सेशन आयोजित किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी बच्चों को स्टार और स्माइली देकर स्वस्थ भोजन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय की निदेशिका दिव्या पंजवानी मैम ने वर्कशॉप की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में कम उम्र से ही स्वस्थ जीवनशैली की मजबूत नींव रखती हैं। उन्होंने नंदिनी मैम, प्रधानाचार्या एवं समस्त शिक्षिकाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए बच्चों के उज्ज्वल, स्वस्थ और सशक्त भविष्य के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।




