
हरिद्वार। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही शिवभक्त कतारबद्ध तरीके से मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) हरिद्वार के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मंदिर परिसरों एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को अनुशासित ढंग से दर्शन एवं जलाभिषेक कराने के लिए विशेष भीड़ प्रबंधन किया जा रहा है।
साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस तैनात है, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
पुलिसकर्मी दर्शन उपरांत श्रद्धालुओं को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य की ओर प्रस्थान कराने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश प्रसारित किए जा रहे हैं तथा आमजन से सहयोग की अपील की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यातायात व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरे पर्वकाल के दौरान सतर्क निगरानी बनाए रखी जा रही है।




