
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) एवं सचिवालय सेवा के अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस संबंध में शासन द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।
जारी आदेश के अनुसार कई वरिष्ठ अधिकारियों को उनके वर्तमान पदभार से मुक्त कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पद से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें तथा कार्यभार ग्रहण करने का प्रमाण कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग को उपलब्ध कराएं।

तबादला सूची में संजय कुमार (IAS-2014), सौरभ गहरवार (IAS-2016), नरेंद्र सिंह भंडारी (IAS-2016), विनोद गिरी गोस्वामी (IAS-2017), प्रतीक जैन (IAS-2018) और विशाल मिश्रा (IAS-2018) सहित कई अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा PCS एवं सचिवालय सेवा के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

कुछ अधिकारियों को जिलाधिकारी पद से हटाकर महत्वपूर्ण मिशनों और निगमों में तैनाती दी गई है, जबकि कई को अपर सचिव, निदेशक और प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। शासन का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी।
सूत्रों के अनुसार ये तबादले आगामी योजनाओं, परियोजनाओं और प्रशासनिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं।





