
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती आकांक्षा कोंडे महोदया के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार के सभी विकासखंडों में ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पूवर सपोर्ट व विभिन्न स्तरों के एंटरप्राइजेज की स्थापना की जा रही है। इसी पहल का एक प्रेरणादायक उदाहरण भगवानपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत लामग्रांट की निवासी रुकमणी देवी हैं।
रुकमणी देवी, ‘गुरु कृपा समूह’ की सक्रिय सदस्य हैं। पहले वे मजदूरी और दो बकरियों पर आश्रित थीं, जिससे उनकी मासिक आय ₹2500–₹3000 तक ही सीमित थी। परिवार का भरण-पोषण कठिन हो रहा था। ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना की अल्ट्रा पूवर पैकेज गतिविधि के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में उनका चयन किया गया और ₹35,000 का ब्याज-मुक्त ऋण प्रदान किया गया, जिसमें ₹2,000 उनका स्वयं का अंश था।
इस सहायता से उन्होंने बकरी पालन का कार्य शुरू किया और आज उनके पास 15–20 बकरियां हैं। वे दूध बिक्री और प्रत्येक छह माह में बकरी के बच्चों की बिक्री से मासिक ₹9000–₹12000 तक की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उन्हें मजदूरी से मुक्ति मिली और अब वे ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचानी जाती हैं।
रुकमणी देवी की यह सफलता न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के ग्रामीण महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावशाली प्रयासों को भी दर्शाती है।