
हल्द्वानी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में मंगलपड़ाव क्षेत्र में हुई मोबाइल लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा 26 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को वादी हरेन्द्र सिंह पुत्र नकौल सिंह निवासी टीमर बड़ौन, खनस्यू जनपद नैनीताल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 9 मार्च 2026 को अज्ञात व्यक्तियों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया था। इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल के माध्यम से गूगल पे से 42 हजार रुपये निकाल लिए। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मु0 एफआईआर संख्या 87/26 धारा 309(4) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर जांच उपनिरीक्षक कुआशा शर्मा को सौंपी गई।
घटना का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन कर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 14 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने दोनों अभियुक्तों को लूटे गए मोबाइल फोन और 26 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण सोलंकी (19) पुत्र आदेश सोलंकी निवासी एयरफोर्स गेट, नैनीताल रोड थाना इज्जतनगर जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा सचिन सोलंकी (20) पुत्र राजेन्द्र सोलंकी निवासी मुख्य बाजार सर्प गांव को जाने वाले मार्ग थाना सोमेश्वर जिला अल्मोड़ा शामिल हैं।
इस कार्रवाई में वरीय उपनिरीक्षक भूपेन्द्र मेहता, उपनिरीक्षक कुआशा शर्मा, हेड कांस्टेबल इसरार नवी तथा कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




