
कोतवाली गंगनहर क्षेत्र की सिंचाई विभाग कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को अज्ञात चोर द्वारा सिंचाई विभाग कॉलोनी स्थित एक आवास में घुसकर अलमारी से सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। मामले में पीड़ित डोडी चौहान पुत्र बलबीर सिंह, निवासी सिंचाई विभाग कॉलोनी की तहरीर पर 7 फरवरी को कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य एकत्र किए गए तथा मैनुअल पुलिसिंग, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने 14 फरवरी 2026 को आरोपी शुभम को उसके निवास मिलाप नगर, रुड़की से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम पुत्र लक्ष्मण दास, निवासी मिलाप नगर, पोस्ट ढंढेरा, थाना कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से मांग का टीका, बच्चे की चेन, महिला की चेन, पेंडल और नाक की नथ सहित कई सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत के चलते चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




