
बाजपुर। क्षेत्र के ग्राम रेहटा में रविवार को हुए सड़क हादसे में स्कूटी और टेंपो की टक्कर से तीन बच्चों समेत कुल 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाजपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ लोग गर्जिया मंदिर से दर्शन कर टेंपो से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रेहटा के पास स्कूटी और टेंपो की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी पर सवार तीन बच्चे ट्यूशन पढ़कर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो में सवार लोग और स्कूटी सवार सभी घायल हो गए।
घायलों में शकुंतला पत्नी कृष्णपाल (30 वर्ष) निवासी बिलासपुर, धर्मपाल पुत्र प्यारेलाल (30 वर्ष) निवासी बिलासपुर, मिल्क विराट पुत्र करमजीत सिंह (6 वर्ष) निवासी रेहटा, अभिराज पुत्र अमृतपाल (11 वर्ष) निवासी रेहटा, सम्राट सिंह पुत्र करमजीत सिंह (11 वर्ष) निवासी रेहटा, भगवती पत्नी बनारसी लाल (50 वर्ष) निवासी प्रतापपुर रामपुर, किशनपाल पुत्र बनारसी लाल निवासी बिलासपुर (टेंपो चालक), गौरी पुत्री धर्मपाल तथा आरती पत्नी धर्मपाल निवासी बिलासपुर रामपुर समेत अन्य लोग शामिल हैं।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।





