
उत्तरकाशी। आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने रविवार को यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पालीगाड़ से जानकीचट्टी तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्य, स्यानाचट्टी में चल रहे चैनलाइजेशन कार्य, यमुनोत्री पैदल मार्ग तथा यात्रा मार्ग पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सड़क चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाई जाए और मार्ग पर पड़े मलबे व बोल्डरों को तत्काल हटाया जाए, ताकि यात्रा के दौरान जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू रूप से चलती रहे। उन्होंने स्यानाचट्टी, फूलचट्टी और कृष्णाचट्टी में चल रहे कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने यमुनोत्री धाम में स्थित स्नान घाटों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश सिंचाई विभाग को देते हुए कहा कि घाटों पर रेलिंग, फिसलन रोकने के उपाय तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से स्नान कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह तैयार कर लिया जाए तथा नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने जानकीचट्टी स्थित लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह में अधिकारियों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक भी की। बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल लाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जानकीचट्टी में घोड़े-खच्चरों के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए मार्ग को वन-वे करने तथा उनका शीघ्र पंजीकरण कराने के निर्देश जिला पंचायत और पशुपालन विभाग को दिए।
जिलाधिकारी ने जानकीचट्टी से यमुनोत्री पैदल मार्ग तक व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाने, क्षतिग्रस्त रेलिंग की मरम्मत करने, आवश्यक स्थानों पर रेन शेल्टर और सुरक्षा जालियां लगाने तथा सूचना संकेतक (साइनेज) स्थापित करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए।
बैठक में एसडीएम बृजेश तिवारी, सीवीओ एचएस बिष्ट, एसडीओ साधुलाल पयाल, ईई तनुज काम्बोज, ईई विनोद पांडेय, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं, मंदिर समिति के पुरुषोत्तम उनियाल, ग्राम प्रधान खरसाली विपिन उनियाल, नारायणपुरी प्रदीप रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य रणबीर राणा, अभिषेक उनियाल, जसपाल परमार सहित अन्य अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।




