
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल और लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल स्थित नीलकंठ महादेव और नैनीताल के रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई। नीलकंठ महादेव पार्किंग परियोजना की लागत 5183.65 लाख रुपये और रामनगर पार्किंग की लागत 3857.64 लाख रुपये निर्धारित की गई है। मुख्य सचिव ने पार्किंग निर्माण में गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने, प्रवेश-निकास के लिए उचित टर्निंग रेडियस सुनिश्चित करने तथा नीलकंठ क्षेत्र में जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही भवन के फसाड के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पेयजल विभाग के अंतर्गत तीन प्रमुख पेयजल योजनाओं—पीपलकोटी (2438.32 लाख), तिलवाड़ा (3986.24 लाख) और ऊखीमठ (2578.52 लाख)—को मंजूरी दी गई। इसके अलावा लालकुआं नगर पंचायत की सीवरलाइन परियोजना (37.95 लाख) को भी हरी झंडी दी गई। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित योजनाओं में मीटरिंग व्यवस्था लागू करने और सीवरलाइन परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के तहत काठगोदाम बाईपास मार्ग पर 3.5 किलोमीटर सड़क निर्माण और 75 मीटर स्पान के पुल (1177.93 लाख) के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर और रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




