
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में आपातकालीन सेवाओं पर भ्रामक सूचना देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना श्यामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे में लूट की झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त की क्रेटा कार को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 फरवरी 2026 की रात्रि डायल-112 पर एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉलर ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उससे 10 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन लूट लिए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचकर कॉलर जयन्त मंमगई से पूछताछ की गई तो वह अत्यधिक शराब के नशे में पाया गया और अपनी क्रेटा कार से घूम रहा था। पूछताछ के दौरान उसके बयान बार-बार बदलते रहे। स्थानीय लोगों से जानकारी लेने और सख्ती से जांच करने पर स्पष्ट हुआ कि किसी प्रकार की लूट की कोई घटना हुई ही नहीं थी।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने नशे की हालत में पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराते हुए धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया तथा घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार को एम.वी. एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया।
अभियुक्त का विवरण:
जयन्त मंमगई (35 वर्ष), निवासी ग्राम व थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार।
जब्त वाहन:
क्रेटा कार संख्या UK08AJ-9955
पुलिस टीम:
उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड, कांस्टेबल मनोज रतूड़ी, कांस्टेबल चालक मोहन सिंह रावत एवं होमगार्ड नितिन कुमार।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं का दुरुपयोग न करें, झूठी सूचना देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




