
ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर निर्मम हत्या किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड द्वारा नामित जांच अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे (IPS) ने शुक्रवार को स्वयं ऋषिकेश पहुंचकर जांच की कमान संभाली और प्रकरण की विस्तृत समीक्षा की।
घटनास्थल का निरीक्षण, पीड़ित परिवार से मुलाकात; हर पहलू की निष्पक्ष जांच का भरोसा
एसपी विशाखा भदाणे ने सबसे पहले घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और मौके से जुड़े सभी तकनीकी व परिस्थितिजन्य पहलुओं की जानकारी ली। इसके बाद वह कोतवाली ऋषिकेश पहुंचीं, जहां उन्होंने मामले से संबंधित पुलिस रिकॉर्ड, अब तक की कार्रवाई, पुलिस रिस्पॉन्स टाइम और अधिकारियों द्वारा किए गए प्रयासों का बारीकी से अवलोकन किया।

जांच अधिकारी ने पीड़ित परिवार से भेंट कर शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों की बातों को गंभीरता से सुना और उनके विस्तृत बयान दर्ज किए। इस दौरान एसपी भदाणे ने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले की विवेचना पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक ढंग से की जा रही है तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी विशाखा भदाणे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस की किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि इस हत्याकांड में प्रथम दृष्टया लापरवाही बरतने के आरोप में एम्स चौकी प्रभारी को पूर्व में ही निलंबित किया जा चुका है। पुलिस मुख्यालय ने इस कार्रवाई को स्पष्ट संकेत बताया है कि जांच में किसी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। इस हत्याकांड को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






