
यमकेश्वर। सीआरसी लक्ष्मणझूला में राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड, ब्लॉक कार्यकारिणी यमकेश्वर द्वारा विकासखंड यमकेश्वर के सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त शिक्षकों में राजेश कुमार (प्रवक्ता अंग्रेजी, राजकीय इंटर कॉलेज मोहनचट्टी), देवराज सिंह रावत (प्रवक्ता भूगोल, रा.इ.का. दिउली), प्रभाकर बाबुलकर (प्रवक्ता भौतिक विज्ञान, रा.इ.का. दिउली), गुलशन शर्मा (प्रवक्ता भौतिक विज्ञान, रा.इ.का. गंगाभोगपुर) तथा राकेश जोशी (प्रवक्ता गणित, रा.इ.का. गंगाभोगपुर) शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी यमकेश्वर के.एस. टोलिया द्वारा सभी सेवानिवृत्त गुरुजनों के साथ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद ब्लॉक अध्यक्ष सुमन प्रकाश भट्ट और ब्लॉक मंत्री गिरीश उपाध्याय ने शाखा अध्यक्षों एवं मंत्रियों के साथ मिलकर सभी गुरुजनों का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। प्रभाकर बाबुलकर ने कहा कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी जीआईसी दिउली में अध्यापक उपलब्ध होने तक अध्यापन कार्य जारी रखना चाहते हैं। वहीं राजेश कुमार ने कहा कि वे आगे की पढ़ाई जारी रखते हुए एलएलबी करने की इच्छा रखते हैं। देवराज सिंह रावत ने कहा कि “एक अध्यापक को सदैव अध्ययनशील रहना चाहिए।”
खंड शिक्षा अधिकारी के.एस. टोलिया ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं और विद्यालयों में गिरती छात्र संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद गौड़ द्वारा किया गया। समारोह में डॉ. नंद किशोर गौड़, संजय कुमार रयाल, अनिता बोठियाल, सतेंद्र चमोली, राजेश भट्ट, रोहित चौहान, रजनी बिजलवान, रश्मि गुप्ता, उमेश चंद्र राठौड़, अनुसूया प्रसाद जोशी, संतोष व्यास, नागेंद्र भट्ट सहित विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष और मंत्री मौजूद रहे।




