नैनीताल के नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए।
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अर्पण यदुवंशी (आईपीएस) ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद देर रात्रि तक जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों के साथ परिचयात्मक एवं समीक्षा गोष्ठी की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से उनके कार्यक्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, संवेदनशील क्षेत्रों, कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली।
अनुशासन के साथ संवाद और कार्मिकों की समस्याओं के समाधान पर जोर
एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है, लेकिन प्रत्येक कार्मिक को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधीनस्थ कर्मचारियों को विश्वास में लें और ऐसा वातावरण बनाएं, जहां कोई भी पुलिसकर्मी बिना झिझक अपनी समस्या या बात उनके समक्ष रख सके। कार्मिकों की समस्याओं का अपने स्तर से हरसंभव समाधान किया जाएगा।
पर्यटकों और फरियादियों के प्रति शालीन व्यवहार के निर्देश
एसएसपी ने कहा कि नैनीताल प्रमुख पर्यटन जनपद है, जहां देश-विदेश से पर्यटक और श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का व्यवहार शालीन, संवेदनशील और जनहितकारी होना जरूरी है। थाना, चौकी अथवा पुलिस कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। आने वाली चुनौतियों का सामना सामूहिक प्रयास और पूरी प्रतिबद्धता से किया जाएगा।
पुलिस मैस का औचक निरीक्षण कर परखी स्वच्छता
गोष्ठी के बाद एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कोतवाली परिसर स्थित पुलिस मैस का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मैस की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और रखरखाव का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर पुलिसिंग के लिए आमजन के प्रति संवेदनशीलता के साथ-साथ पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन, समन्वय और कार्मिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी आवश्यक है।

ये अधिकारी रहे मौजूद
गोष्ठी में एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, एसपी संचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, विमल प्रसाद, अंजना नेगी, लव शर्मा, विनय सिंह और समीरन भट्ट सहित प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल हरकेश सिंह, समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी, प्रधान लिपिक, एकाउंटेंट, आशुलिपिक और पीआरओ सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







