
देहरादून। मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 49/2024 के अंतर्गत बागेश्वर स्थित बागनाथ मंदिर संग्रहालय में 90 प्रतिमाओं की स्थापना के कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। इस क्रम में चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए द्वितीय किश्त के रूप में 17.90 लाख रुपये की धनराशि निर्गत करने को राज्यपाल सहर्ष स्वीकृति प्रदान की गई है।
संस्कृति विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार उक्त कार्य हेतु पूर्व में कुल 66.90 लाख रुपये का स्वीकृत प्राक्कलन किया गया था, जिसके सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 40.14 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। अब शेष कार्यों के लिए द्वितीय किश्त जारी की गई है।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि कार्य का निष्पादन शासन एवं वित्त विभाग द्वारा निर्धारित शर्तों और प्रतिबंधों के अनुरूप किया जाएगा। साथ ही व्यय की धनराशि चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के अनुदान संख्या-11 के अंतर्गत शिक्षा, खेलकूद एवं संस्कृति विभाग के बजट मद से वहन की जाएगी।
इस योजना के क्रियान्वयन से बागनाथ मंदिर संग्रहालय के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।





