
कालसी (देहरादून)। कालसी क्षेत्र के कुआनु–मीनाक मोटर मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटनाग्रस्त बस में 30 से अधिक यात्रियों के सवार होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एसडीआरएफ (SDRF) की कई टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूणी से एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं और खाई में उतरकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खाई में गिरी बस हिमाचल रोडवेज की बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक दुर्घटना के कारणों और हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घायलों को निकालकर नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और रेस्क्यू कार्य में सहयोग करने की अपील की है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है, विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।




