
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में आज शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक युवती ने चौकी गैस प्लांट, कोतवाली रानीपुर में सूचना दी कि उसके गांव का रहने वाला युवक सुजेश उसे जमालपुर चौक के पास मिला। युवती ने आरोप लगाया कि युवक के पास पिस्टल थी और उसने उसके साथ मारपीट की। साथ ही उसका मोबाइल फोन छीनकर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने पुलिस को युवक का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल लोकेशन ट्रेस कर उसका पीछा शुरू किया। लोकेशन के आधार पर पुलिस जब गैस प्लांट क्षेत्र बहादराबाद स्थित इंडियन बॉटलिंग प्लांट की बाउंड्री वॉल के पीछे खाली मैदान में पहुंची, तो वहां युवक गंभीर हालत में मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने अपने पास मौजूद पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवती और युवक के बीच विवाद का कारण क्या था तथा आत्महत्या के पीछे क्या परिस्थितियां रहीं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।






