
नैनीताल/लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं द्वारा महान स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके आदर्शों, जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण में योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन नैनीताल क्लब में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में भव्य रूप से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती सरिता आर्या सहित भीमताल ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला योजना के अंतर्गत स्वच्छ दूध उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु 3500 किटों का वितरण किया गया। साथ ही दुग्ध उपार्जन और विपणन को लेकर एक जनजागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें दुग्ध उत्पादकों को आधुनिक तकनीकों और गुणवत्ता सुधार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में 78 लाभार्थियों को कुल 1 लाख 17 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के प्रोत्साहन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और दुग्ध उत्पादन को नई दिशा प्राप्त होती है।
मुख्य अतिथि श्रीमती सरिता आर्या ने अपने संबोधन में पशुपालकों को जंगली जानवरों से पशुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों के मद्देनजर जागरूकता और सावधानी अत्यंत आवश्यक है।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने अपने संबोधन में बताया कि पिछले 18 महीनों में दूध के मूल्य में 13 रुपये की वृद्धि की गई है, जिसके लिए उन्होंने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य का डेयरी क्षेत्र लगातार सशक्त हो रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि साइलेज अनुदान को 30 करोड़ से बढ़ाकर 40 करोड़ तथा दुग्ध प्रोत्साहन राशि को 30 करोड़ से बढ़ाकर 35 करोड़ किए जाने से जिले के दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर है। इन योजनाओं से पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी और डेयरी उद्योग को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने हेमवती नंदन बहुगुणा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन जनसेवा, त्याग और समर्पण का प्रतीक है, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से आँचल ब्रांड के दुग्ध उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग का आह्वान किया।
हेमवती नंदन बहुगुणा जयंती पर श्रद्धांजलि, दुग्ध उत्पादकों को मिली प्रोत्साहन राशिइस अवसर पर दुग्ध संघ के संचालक मंडल सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल महान नेता की स्मृति को जीवंत किया, बल्कि दुग्ध उत्पादकों के हितों को सशक्त करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण संदेश दिया।







