
पर्यावरण संरक्षण की मुहिम: पत्रकारों ने रोपे पौधे, संगोष्ठी में गूंजा ‘पर्यावरण बचाओ-जीवन बचाओ’ का संकल्प।
लालढांग के लाला ओम प्रकाश ज्ञानदीप कन्या इण्टर कालेज में पर्यावरण दिवस पर अनूठी पहल; शिक्षक, बच्चे और विभिन्न प्रतिभाएं सम्मानित
हरिद्वार। लालढांग, 5 जून 2026 विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर ‘नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखण्ड’ के पत्रकारों द्वारा लालढांग स्थित लाला ओम प्रकाश ज्ञानदीप कन्या इण्टर कालेज में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम और संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालय के शिक्षकों, मेधावी बच्चों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कलम के साथ कुदाल उठाना भी जरूरी: विक्रम सिंह सिद्धू
कार्यक्रम में उपस्थित यूनियन के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू ने मीडिया और सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए कहा, “पत्रकार समाज का आईना हैं। पर्यावरण बचाने की मुहिम में अब हमें अपनी कलम के साथ-साथ कुदाल उठाना भी जरूरी है।” उन्होंने घोषणा की कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह के भव्य आयोजन हर साल नियमित रूप से किए जाएंगे। पत्रकारों ने एक सुर में कहा, “खबर लिखने के साथ ही इस धरती को हरा-भरा रखना भी हमारा परम कर्तव्य है।”
’पर्यावरण बचाओ-जीवन बचाओ’ पर गंभीर मंथन पौधारोपण के साथ ही विद्यालय परिसर में ‘पर्यावरण बचाओ-जीवन बचाओ’ विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए यूनियन के संरक्षक त्रिलोक चंद्र भट्ट ने कहा, “हमे एक प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण, जल संचयन और पर्यावरण संतुलन के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे। हर एक व्यक्ति द्वारा कम से कम एक पेड़ लगाकर उसका पालन-पोषण करना ही पर्यावरण को सुरक्षित रखने में सबसे अहम भूमिका निभा सकता है।”

बच्चों ने ली पर्यावरण रक्षा की शपथ कार्यक्रम में शामिल स्कूली बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। बच्चों ने सामूहिक रूप से पानी बचाने, बिजली को व्यर्थ न करने और प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने की शपथ ली। इसके साथ ही सभी ने रोपे गए पौधों (आंवला, नीम और जामुन) की नियमित देखभाल करने का भी अटूट संकल्प लिया।
प्रतिभाओं और समाजसेवियों का हुआ सम्मान समारोह में पर्यावरण और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय में अव्वल अंकों से उत्तीर्ण होने वाले स्कूली बच्चों को पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया गया। इसके अतिरिक्त सामाजिक कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए आशा नेगी, विमला रावत और आचार्य सुमन धस्माना को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में इनकी रही मुख्य उपस्थिति इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने में नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के संरक्षक त्रिलोक चंद्र भट्ट, जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू, संजय अग्रवाल, हरपाल सिंह, मुकेश कुमार सूर्या, धन सिंह बिष्ट, मुदस्सिर मंसूरी, प्रमोद पाल, सूर्या सिंह राणा, प्रभास भटनागर और भगवती प्रसाद गोयल ने मुख्य भूमिका निभाई।
इनके साथ ही विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार, जयचंद्र चतुर्वेदी, अमीषा बिष्ट, स्वर्ण लता धस्माना, सुभाष सैनी, प्रकाश चंद्र डोबरियाल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे और भारी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।








