
हरिद्वार। जनपद में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की अधिसूचना के क्रम में जिला मजिस्ट्रेट एवं रिटर्निंग अधिकारी (जिला योजना समिति) मयूर दीक्षित ने नगर निकायों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों की निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए समय-सारिणी जारी की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 08 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के आलेख्य का प्रकाशन किया जाएगा। संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधि 10 सितंबर तक नामावली का निरीक्षण कर दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का 12 सितंबर को निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।
इस प्रक्रिया में नगर निगम हरिद्वार, नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर, नगर निगम रुड़की सहित जनपद की विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के निर्वाचित सभासदों एवं सदस्यों को शामिल किया जाएगा।

जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित ने बताया कि दावा एवं आपत्ति दाखिल करने तथा उनके निस्तारण की कार्यवाही जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, हरिद्वार में संपन्न होगी। उन्होंने संबंधित नगर निकायों, तहसीलों एवं अधिकारियों को कार्यक्रम की जानकारी नोटिस बोर्ड पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित निर्वाचित प्रतिनिधियों से निर्धारित अवधि में निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर आवश्यक दावा एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं नियमानुसार तैयार की जा सके।






